अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। अविश्वास प्रस्ताव में मदद के बदले रिश्वत मांगने के आरोपों में फंसे जिला परिषद के दो सदस्यों और अन्य आरोपियों के घर पर वीरवार को विजिलेेंस टीम ने छापे मारे। डीएसपी सुभाष चंद्र की अगुवाई में विजिलेंस की टीमों ने सभी आरोपियों के घरों की तलाशी ली, हालांकि विजिलेंस टीमों को तलाशी में क्या मिला, इस मामले में अभी तक कुछ साफ नहीं हुआ है। डीएसपी सुभाष चंद्र ने छापेमारी की तो पुष्टि की है, लेकिन मिला क्या है, इस पर उन्होंने चुप्पी साध ली है। इसके बाद वीरवार शाम ही सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बहरहाल विजिलेंस टीमों द्वारा पार्षदों के घर तलाशी लेने के लिए छापे मारने की खबर फैलते हड़कंप मच गया।
वीरवार को विजिलेंस की टीम ने सुरजीत ओड, उसके साथी महेंद्र के गांव जांडवाला सोतर स्थित निवास व रतिया में नीटू गिल के घर पर सर्च अभियान चलाया। जिला परिषद की उपाध्यक्ष कमला भुक्कर के रिश्तेदार बताए जा रहे महेंद्र पुत्र शीशराम के मताना निवास पर भी सर्च अभियान चलाया गया है। जिप उपाध्यक्ष कमला भुक्कर पर भी घूसकांड में शामिल होने का आरोप है, हालांकि वो खुद तो पैसे लेने हिसार नहीं गई थी, लेकिन विजिलेंस की जांच में ये बात निकलकर आई है कि कमला भुक्कर ने भी कृष्ण नांगली से पैसों की डिमांड की थी। ऐसे में विजिलेंस किसी भी समय कमला भुक्कर से पूछताछ कर सकती है।
गौरतलब है कि जिला परिषद के निवर्तमान चेयरपर्सन गीता नांगली के पति कृष्ण नांगली ने विजिलेंस को शिकायत देकर जिला परिषद सदस्य नीटू गिल (मनदीप कौर), सुरजीत ओड पर आरोप लगाया था कि इन लोगों ने उनके पक्ष में मतदान के लिए रिश्वत की मांग की है। इसके बाद हिसार में घूस की टोकन मनी लेने पहुंचे पार्षद सुरजीत ओड, उनके साथी महेंद्र व कमला भुक्कर के रिश्तेदार महेंद्र, पार्षद मंदीप कौर गिल व उनके पति टीटू गिल को विजिलेंस ने जाल बिछाकर काबू कर लिया था। जिप पार्षदों व अन्य आरोपियों के घरों पर छापेमारी करने पहुंची टीमों में डीएसपी सुभाष चंद्र के अलावा सब इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह दहिया, एएसआई मनमोहन सिंह, हवलदार राजीव, विरेन्द्र, कुलदीप, ईएसआई कर्मबीर, सिपाही सतपाल, कुलदीप शामिल थे। सब इंस्पेक्टर धर्मबीर की टीम ने गांव जांडवाला सोतर में सुरजीत ओड व उसके साथी महेंद्र के घर पर छापा मारकर जांच की जबकि नीटू गिल के रतिया स्थित किराए के मकान पर डीएसपी सुभाष के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा।