फतेहाबाद। शहर के जवाहर चौक में बुधवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया। मामा के साथ दुकान पर सफाई करने के लिए आए 10 वर्षीय बच्चे इंद्रपुरा मोहल्ला निवासी हेमांग की लिफ्ट के साथ नीचे गिरने से मौत हो गई जबकि 15 वर्षीय भाई गुन्नू गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई सामान ढोने वाली जुगाड़ लिफ्ट पर बैठकर ऊपर जा रहे और अचानक तार टूट गई और दोनों लिफ्ट के साथ नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां पर डॉक्टर ने हेमांग को मृत घोषित कर दिया। मामले में परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया और किसी तरह की पुलिस कार्रवाई भी नहीं करवाई है।
मामले के मुताबिक डीएसपी रोड पर एसी शोरूम चलाने वाले सुमित मैहता ने जवाहर चौक में दुकान किराए पर ली थी। डीएसपी रोड से जवाहर चौक में एसी का शोरूम शिफ्ट करना था। इसको लेकर इंद्रपुरा मोहल्ला निवासी हेमांग और गुन्नू अपने मामा सुमित के साथ सफाई करवाने के लिए आए थे। बताया जा रहा है सुमित ऊपर सफाई कर रहा था और दोनों भाई नीचे थे। हेमांग और गुन्नू लिफ्ट के द्वारा जैसे ही ऊपर जाने लगे तो अचानक तार टूट गया और लिफ्ट नीचे आ गिरी। इससे लिफ्ट में सवार दोनों भाई भी नीचे गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को गंभीर हालत में फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां पर डॉक्टर ने 10 वर्षीय हेमांग को मृत घोषित कर दिया और बड़े भाई गुन्नू को रेफर कर दिया।
-
90 फीसदी शोरूम और गोदामों में लगी जुगाड़ लिफ्ट :
शहर के अधिकतर गोदामों और शोरूम में लिफ्ट लगी हुई है। 90 फीसदी गोदाम और शोरूम ऐसे है जहां पर जुगाड़ लिफ्ट लगी है। इस जुगाड़ लिफ्ट के द्वारा सामान ऊपर और नीचे लाया जाता है। अहम बात यह है कि इन जुगाड़ लिफ्ट को लेकर प्रशासन की तरफ से आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसके अलावा प्रशासन के पास कोई आंकड़ा भी नहीं है।