फतेहाबाद के गांव अयाल्की में सहकारी बैंकस्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। गांव अयाल्की स्थित दि फतेहाबाद सेंट्रल कॉपरेटिव लिमिटेड शाखा (सहकारी बैंक) के स्ट्रांग रूम से 10 लाख रुपये गायब मिले हैं। शाखा अधिकारियों को सोमवार सुबह इसका तब पता चला तो अफरातफरी मच गई। स्ट्रांग रूम में 15.43 लाख रुपये रखे थे जिसमें से 5.43 लाख सुरक्षित हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में अलसुबह करीब 3:40 बजे एक संदिग्ध युवक कंबल ओढ़े बैंक की ओर आता दिख रहा है। हैरानी की बात है कि फतेहाबाद स्थित मुख्य ब्रांच में रखीं स्ट्रांग रूम की चार चाबियां भी गायब हैं। पुलिस पूरे मामले को चोरी के बजाय गबन से जोड़कर जांच कर रही है। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।
सदर थाना पुलिस के मुताबिक अयाल्की स्थित सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक सुरेश कुमार ने बताया कि सुबह जब वे बैंक में पहुंचे तो गेट खुला मिला और ताला गायब था। उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। स्ट्रांग रूम की जांच की तो ताला खुला मिला। इसमें 15.43 लाख रुपये रखे थे। गिनने पर 10 लाख रुपये गायब मिले। स्ट्रांग रूम को तोड़ने के कोई निशान नहीं थे। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की उसमें एक युवक बैंक की ओर आता दिख रहा है। कैमरे की दिशा बदली हुई मिली। स्ट्रांग रूम में जाने के लिए दो कक्ष हैं। इन पर ताला लगा था, जो खुले मिले। सूचना देते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
स्ट्रांग रूम की चार चाबियां गायब मिलीं
फतेहाबाद स्थित मुख्य शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार को रुपये गायब होने की सूचना दी। इस दौरान पता चला कि वहां रखी स्ट्रांग रूम की चार चाबियां गायब हैं। जबकि अन्य 29 शाखाओं की चाबियां सुरक्षित थीं। सूत्रों के अनुसार स्ट्रांग रूम की चार चाबियां मुख्य ब्रांच और चार संबंधित शाखा के कैशियर और मैनेजर के पास रहती है। सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि मुख्य शाखा से स्ट्रांग रूम की चार चाबियां गायब मिलीं हैं। गबन का मामला भी हो सकता है। फिलहाल अलग-अलग एंगल से जांच की जा रही है।
-
मामले की सूचना मिली है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को बताया गया है। मंगलवार को महाप्रबंधक आएंगे तो इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। वर्ष 2020 में चाबियां जारी हुई थी, उसके बाद कोई बदलाव नहीं हुआ है। चाबियां कैसे गायब हुई है इसकी जांच जारी है। -प्रदीप कुमार, मैनेजर, मुख्य शाखा, सहकारी बैंक फतेहाबाद।
फतेहाबाद के गांव अयाल्की में सहकारी बैंकस्त्रोत पुलिस विभाग