एटीएम का क्लोन तैयार कर धोखाधड़ी से लोगों के खातों से राशि निकालने के मामले में गिरफ्तार किए गए जींद निवासी मोनू कुमार ने पूछताछ के दौरान रतिया में ऐसी दो अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 10 एटीएम कार्ड, एक क्लोन स्वाइप मशीन, एक मोबाइल, एक वारदात में प्रयुक्त कार को बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दो अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। पूछताछ में आरोपी मोनू ने बताया कि एक मामले में रतिया के टोहाना रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में रुपये निकलवाने आए कुलवंत सिंह निवासी शक्करपुरा की मदद के नाम पर उसके एटीएम का क्लोन तैयार कर उसके खाते से 1 लाख रुपये की राशि निकाली थी। इसके अलावा गांव महमड़ा निवासी परमजीत कुमार के अकाउंट से भी धोखाधड़ी कर 40 हजार रुपये निकलवाए थे। पुलिस द्वारा रिमांड खत्म होने पर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से हिसार जेल भेज भेज दिया गया। अन्य मामलों में बरामदगी को लेकर पुलिस अदालत से आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर पर लाएगी।
ऐसे आया था आरोपी काबू में
रतिया पुलिस ने 16 जुलाई को जोबनप्रीत निवासी कंवलगढ़ ढाणी की शिकायत पर धोखाधड़ी व चोरी के आरोप में मामला दर्ज किया था। शिकायत में जोबनप्रीत ने कहा था कि जब वह संजय गांधी चौकी स्थित एटीएम से रुपये निकलवाने गया तो इसी दौरान वहां आए उक्त युवक ने मशीन में लगे उसके एटीएम को ले लिया और एक मशीन में स्वाइप कर लिया। इस पर एएसआई रमेश कुमार ने कार्यवाही करते हुए आरोपी को संजय गांधी चौक रतिया से गिरफ्तार कर अदालत से 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था।