मौसम का मिजाज बदल गया है। अब तक सिर्फ रात में ठंड महसूस हो रही थी, लेकिन मंगलवार की धुंध ने दिन में भी इसकी शुरुआत कर दी। मंगलवार को पूरा शहर धुएं और धुंध में लिपटा रहा।
पिछले एक सप्ताह में तापमान में कमी आने से पंखे और एसी बंद होने लगे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम 12.3 डिग्री सेल्सियस डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच और न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार सुबह कोहरा रहने की संभावना है। शाम तक बूंदाबांदी भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बदलते मौसम के संबंध में डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी है, अन्यथा बीमारियों का हमला हो सकता है। सावधानी न बरतने के कारण इस समय तमाम लोग बुखार और खांसी की चपेट में हैं।
फिजीशियन डॉ. सुरेंद्र दत्ता कहते हैं कि इस मौसम में बीमारियों के लक्षण दिखते ही उपचार शुरू हो जाना चाहिए। इन दिनों उनके पास सर्दी, खांसी, बुखार, वायरल के मरीज अधिक आ रहे हैं।
उनका कहना है कि रात में एसी, कूलर व पंखे न चलाएं। बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। सांस और दिल के रोगी दिन निकलने के बाद ही पार्क में टहलने के लिए जाएं। गर्म कपड़े पहनना शुरू करना भी जरूरी है।