गाजीपुर रोड पर राहगीरों को लूटने के इरादे से एक कार में बैठे दो बदमाशों को थाना सारन पुलिस टीम ने गिरफ्तार करने का दावा किया है। बदमाशों का एक साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। थाना सारन पुलिस टीम को सोमवार शाम सूचना मिली कि गाजीपुर रोड पर पारस स्कूल के पास तीन व्यक्ति पिस्तौल व तलवार सहित मारुति कार में राहगीरों को लूटने के इरादे से बैठे हुए हैं।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंच कर छापा मारा और दो बदमाशों को काबू कर लिया व जबकि एक मौके से भाग निकला। पकड़े गए आरोपी नरेश निवासी गांव भाखड़ी व राकेश निवासी उत्तम नगर गाजीपुर डबुआ कॉलोनी के रहने वाले हैं।
मौके से फरार हुआ आरोपी भूरा उर्फ राजू निवासी उत्तम नगर गाजीपुर डबुआ कॉलोनी बताया गया है। पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर नरेश से एक पिस्तौल एवं राकेश के कब्जे से एक गुप्ती बरामद हुई है।