फरीदाबाद। एनएच-पांच स्थित एक प्ले स्कूल में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की बच्ची से बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी रिक्शा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वारदात से नाराज पड़ोसियों ने स्कू ल पर ताला जड़ दिया है।
एनआईटी की रहने वाली एक महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी करीब साढ़े तीन साल की बेटी एक प्ले स्कूल में पढ़ती है। एनएच पांच में रहने वाला रिक्शा चालक बच्ची को स्कूल में लाने और घर तक छोड़ने का काम करता है। 14 अगस्त को उसकी बेटी ने बताया कि स्कूल के रिक्शे वाले ने अलग कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया है। एनआईटी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह बहुत दुखद है कि कानून की इतनी सख्ती के बाद भी लड़कियों के साथ इस तरह के मामले रुक नहीं रहे। अब अभिभावकाें को ही नहीं समझ आ रहा है कि वह किस पर विश्वास करें और किस पर नहीं। जिला प्रशासन से विद्यार्थियों को लाने-ले जाने वाले वाहन चालकों का पिछला रिकार्ड चेक करवाने की मांग की जाएगी, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लग सके।
-एनएल जांगिड़, जिला प्रधान, अभिभावक एकता मंच
निचले तबके में इस प्रकार की मानसिक विकृति मोबाइल पर फिल्मों के जरिए आ रही है। इसे रोकना मुश्किल है। ऐसे में हमें खुद अपने बच्चों पर ध्यान रखना होगा कि कहीं उनके साथ आते-जाते वक्त कोई गलत हरकत तो नहीं हो रही है। उनसे इस तरह के सवाल करने होंगे।
-रश्मि सिंह, काउंसलर।