फरीदाबाद। हुडा के नए सेक्टरों की जमीन अधिग्रहण के लिए दोबारा से सर्वे किया जाएगा। यह निर्णय टाउन एंड कंट्री प्लानर ने किया है। ऐसे में हुडा सेक्टर-81, 82, 83 में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को रोक दिया गया है।
नहर पार ग्रेटर फरीदाबाद में हुडा द्वारा सेक्टर-75 से 89 तक 15 सेक्टरों को विस्तार किया जा रहा है। इन सेक्टरों में पहले से ही काफी जमीन किसानों से बिल्डरों द्वारा खरीद ली गई है। 7500 एकड़ में बसने वाले ग्रेटर फरीदाबाद में 2500 एकड़ जमीन पर ग्रुप हाउसिंग तैयार की जा रही है, जिसमें करीब 11 बिल्डरों द्वारा 50 हजार से अधिक फ्लैटों को तैयार किया जा रहा है।
हुडा द्वारा अभी तक सेक्टर-75, 76, 77, 78, 79 और 80 के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। अब हुडा ने अन्य सेक्टरों के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारी शुरू की है। इसके तहत सेक्टर-81, 82 और 83 में करीब 221 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इसको लेकर भूमि अर्जन अधिकारी ने अधिग्रहण की प्रक्रिया को शुरू करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए सरकार के पास भेज दिया है। लेकिन इस प्रक्रिया को टाउन एंड कंट्री प्लानर ने रोक दिया है।
जमीन अधिग्रहण से पहले नई सर्वे रिपोर्ट टाउन एंड कंट्री प्लानर द्वारा मांगी गई है। लेकिन अभी लिखित आदेश नहीं आए हैं। अब नई भूमि अधिग्रहण नीति प्रदेश में लागू हो चुकी है। ऐसेे में सरकार अधिग्रहण से पहले सेक्टर की जानकारी हासिल करना चाहती है।
संजीव मान, नगर योजनाकार, फरीदाबाद।