फरीदाबाद। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(डीएमआरसी) बदरपुर-वाईएमसीए मेट्रो कॉरिडोर को समय से पहले पूरा कर लेगा, जिसका ट्रायल मई 2014 में हो जाएगा। डीएमआरसी ने इस फैसला से हुडा प्रशासक को अवगत करा दिया है।
प्रदेश सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना बदरपुर-वाईएमसीए मेट्रो कॉरिडोर का शहर में निर्माण हो रहा है, जिसका एमओयू सरकार व डीएमआरसी के बीच मार्च 2012 में किया गया है। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 30 माह की समय सीमा निर्धारित की गई थी। इसके आधार पर सितंबर 2014 तक मेट्रो का काम पूरा हो जाता।
डीएमआरसी इस प्रोजेक्ट के तहत शहर में 13.875 किलोमीटर मेट्रो कॉरिडोर लाइन बिछा रही है। जिसके तहत शहर में नौ मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
हुडा अधिकारियों के अनुसार, केवल वन विभाग की बाधा को छोड़कर सारी दिक्कतों को दूर किया जा चुका है। अब मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण तेजी से शुुरू हो गया है, जिस दिन स्पैन रखा जाएगा। उस दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व डीएमआरसी के एमडी मंगू सिंह भी उपस्थित होगे। इस कार्यक्रम को आयोजित कराने को लेकर हुडा ने तैयारी शुरू कर दी है।
---
बदरपुर वाईएमसीए मेट्रो कॉरिडोर के लिए मई 2014 में मेट्रो रेल का ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा। यह बात डीएमआरसी के एमडी ने कही है। साथ ही यह भी कहा है कि समय से पहले इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा। ऐसे में सितंबर 2014 की डेड लाइन से पहले ही मेट्रो सेवा शहरवासियों को मिल सकती है।
-एनके सोलंकी, प्रशासक हुडा फरीदाबाद
----
कुछ बाधाओं के कारण मेट्रो निर्माण को रफ्तार देने में दिक्कत आ रही है। वरना अभी तक शहर में पूरा स्ट्रक्चर खड़ा किया जा चुका होता। जैसे-जैसे बाधाओं को दूर किया जा रहा है। मेट्रो अपनी रफ्तार पकड़ रही है। समय से पहले मेट्रो चलाने का आश्वासन एमडी ने दिया है तो उस आश्वासन को पूरा भी किया जाएगा।
-प्रवक्ता, डीएमआरसी