फरीदाबाद। अब दस हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पाने वाले श्रमिकों को भी सरकार मुफ्त साइकिल देगी। अब तक यह सीमा पांच हजार रुपये थी। यह जानकारी प्रदेश के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शिवचरण लाल शर्मा ने अपने आवास पर शुक्रवार को श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों को दी।
शर्मा ने कहा कि पहली जनवरी से विभिन्न योजनाओं के तहत दी जाने वाली वित्तीय सहायता राशि में बढ़ोत्तरी करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही औद्योगिक श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति की न्यूनतम राशि दो से बढ़ाकर चार हजार रुपये एवं अधिकतम 12 से बढ़ाकर 15 हजार रुपये की दी गई है।
श्रम मंत्री ने बताया कि श्रमिकों को नजर के चश्मे खरीदने के लिए दी जाने वाली राशि 500 से बढ़ाकर एक हजार रुपये एवं सेवा के दौरान दुर्घटना में अपंगता होने पर दी जाने वाली रकम 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये की गई है।
शर्मा ने बताया कि श्रमिकों के बच्चों द्वारा जिला स्तर, मंडल स्तर, राज्य स्तर व राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने पर एक हजार से साढ़े दस हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। इस मौके पर श्रमिक नेता एसडी त्यागी, सुरेंद्र लाल, बेचू गिरी, श्रम कल्याण बोर्ड के सदस्य रामलखन कुशवाहा, राम जुनेजा, मंजू कुशवाहा, दयाशंकर गिरी एवं रामरेखा यादव आदि मौजूद थे।