फरीदाबाद। बोलेरो सवार बदमाशाें का पीछा कर रही पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि उसके चार साथी भाग निकलने में कामयाब हो गए। पकडे़ गए आरोपियाें के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
थाना सेक्टर-55 पुलिस टीम बृहस्पतिवार की रात को गश्त के दौरान आलमपुर गांव के समीप मौजूद थी। तभी सूचना मिली कि बीवीपुर निवासी शकील उर्फ काला, भीमसिका निवासी मोहिन उर्फ माहुन चार अन्य लड़कों के साथ बोलेरो(आरजे-32 यूए-2984) में बैठकर फतेहपुर तगा व धौज के बीच पड़ने वाले नाले के पास डकैती की योजना बना रहे हैं।
पुलिस टीम के पहुंचते ही बोलेरो में चालक सीट पर बैठे व्यक्ति ने फायर कर दिया और गाड़ी को टीकरीखेड़ा की तरफ कच्चे रास्ते में भगाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने बोलेरो का पीछा जारी रखा। बिजोपुर गांव के समीप बोलेरो के चालक ने गाड़ी को बैक करके पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारी और पुलिस टीम पर फिर फायर किया।
पुलिस टीम ने भी बचाव में चार-पांच हवाई फायर किए। इसके बाद सिलानी मोड़ पर गाड़ी को खेतों में छोड़कर भाग रहे बदमाशों में से दो को पुलिस ने काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार पकडे़ गए आरोपी शकील उर्फ काला व मोहिन उर्फ माहुन हैं। शकील के कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। फरार हुए बदमाशों में हुसैनपुर निवासी शाहुन, डीसी, जुबैर व हामिद हैं। शुक्रवार को गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर दिया गया है। इस दौरान धौज पुलिस चौकी के प्रभारी सितेंद्र व हेड कांस्टेबल सुंदर को हल्की चोटें भी लगी हैं।