हरियाणा के रेवाड़ी की बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एशियन कलर कोटेड फैक्ट्री में वीरवार सुबह 10 बजे आग लग गई। आग में फैक्ट्री के नौ कर्मचारी झुलस गए।
आग प्रोपेन गैस स्टोरेज सेक्शन में गैस की लीकेज ठीक करते समय लगी। झुलसे कर्मचारियों को जलियावास गांव स्थित गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गौरव, कृपाशंकर पांडे और सत्य प्रकाश को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर कर दिया गया।
वीरवार सुबह प्रोपेन गैस स्टोरेज सेक्शन में गैस लीकेज की सूचना मिली। गैस की लीकेज ठीक करते समय गैस के हवा के साथ मिलने पर आग भड़क उठी।
इससे लीकेज ठीक करने में जुटे इंचार्ज गौरव, कृपा शंकर पांडे, सत्य प्रकाश, संजय, छाजूराम, गणपत, सीताराम, रणजीत, श्रवण पांडे झुलस गए।
आग से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री प्रबंधन ने कर्मचारियों को जलियावास गांव स्थित गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया।
डाक्टरों ने 70-80 प्रतिशत तक झुलसे गौरव, कृपा शंकर पांडे और सत्य प्रकाश को दिल्ली रैफर कर दिया है। 40 प्रतिशत तक आग में झुलसे कर्मचारियों की स्थिति में सुधार हो रहा है।