एटीएम कार्ड बदलकर दो युवकों ने एक व्यक्ति के खाते से 36 हजार रुपये की राशि निकाल ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता विनोद कुमार पुत्र रतनलाल निवासी चक चाहरवाला तहसील टिब्बी राजस्थान ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 23 अक्तूबर को ऐलनाबाद के पंचमुखी चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने गया तो वहां पहले से खड़े दो अज्ञात लोगों ने उसकी सहायता का भरोसा दिलाते हुए उसका एटीएम कार्ड लेकर मशीन में डाल दिया, और उसे अपना पासवर्ड डालने के लिए बोला। जब वह पासवर्ड दबा रहा था तब उन लोगों ने उसे देख लिया और बाद में उन्होंने हेराफेरी करते हुए उसके एटीएम कार्ड के बदले अपना एटीएम कार्ड उसे दे दिया।
विनोद कुमार के अनुसार शनिवार शाम को जब उसे दोबारा पैसे की जरूरत पड़ी तो वह एटीएम गया। जहां एटीएम कार्ड इस्तेमाल करने पर पता चला कि उसे दिया गया एटीएम कार्ड उसका न होकर नरवाना निवासी विक्रम कुमार का है। जिसके बाद उसने तुरंत भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में जाकर अपने खाते में बकाया के संबंध में जानकारी प्राप्त की तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि उन अज्ञात लोगों ने 25 अक्तूबर को चंडीगढ़ स्थित एटीएम से 36 हजार रुपये निकालकर उसके खाते में मात्र 559 रुपये बकाया छोड़ दिए।
पुलिस ने पीड़ित विनोद कुमार की शिकायत पर रविवार शाम को दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।