हरियाणा विद्यालय स्कूल शिक्षा बोर्ड की लापरवाही से 10वीं कक्षा के द्वितीय सेमेस्टर की रि-अपीयर की परीक्षा देने से नारनौल की छात्रा हसीना वंचित रह गई।
उधर, अभिभावकों का कहना है कि यदि बोर्ड ने गलती में सुधार नहीं किया तो अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
पीड़ित छात्रा ने 10वीं कक्षा के द्वितीय सेमेस्टर की अंग्रेजी विषय की रि-अपीयर परीक्षा के लिए फार्म भरे थे।
शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा के लिए उसे भेजा प्रवेश कार्ड परीक्षा तिथि के अगले दिन का जारी कर दिया, जबकिइस दिन कोई परीक्षा नहीं थी।
छात्रा ने बताया कि बोर्ड की ओर से 10वीं कक्षा के द्वितीय सेमेस्टर की अंग्रेजी विषय की रि-अपीयर परीक्षा के लिए 28 सितंबर की तिथि निर्धारित की गई थी, जबकिबोर्ड ने उसे अगले दिन रविवार 29 सितंबर का प्रवेश कार्ड जारी कर दिया।
छात्रा ने बताया कि वह 29 सितंबर को परीक्षा केंद्र पर पहुंची तो वहां उसे कोई परीक्षार्थी नहीं दिखाई दिया।
उसने वहां उपस्थित बोर्ड के कर्मचारियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि दसवीं कक्षा के द्वितीय सेमेस्टर की अंग्रेजी विषय की रि-अपीयर की परीक्षा शनिवार 28 सितंबर को संपन्न हो चुकी है।