हरियाणा के बहादुरगढ़ में ब्याज के पैसे को लेकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित विशाल कुमार (25), मूल निवासी गांव अमारी (जिला मुंगेर, बिहार) वर्तमान में सांखोल में किराये का ऑटो चलाता है। पीड़ित ने बताया कि करीब एक साल पहले उसने छोटूराम नगर निवासी दीपक प्रसाद और नितिन प्रसाद से 38 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसके बदले वह करीब 70 हजार रुपये दे चुका है। इसके अलावा उसके रिश्तेदार सन्नी ने भी इनसे कर्ज लिया था और सोना गिरवी रखा था, जिसे लौटाने से आरोपी इंकार कर रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, 2 मई की रात करीब 9 बजे जब वह ऑटो लेकर टिकरी बॉर्डर की ओर जा रहा था, तो एमआईई एरिया के पास आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और पैसे देने के लिए दबाव बनाते हुए उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान दीपक नाम के शख्स ने उसके हाथ पर दांत से काट लिया। किसी तरह वह इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गए।
आरोप है कि अस्पताल के बाहर ही तीनों ने दोबारा हमला कर दिया। नितिन नाम के शख्स ने पीड़ित का कान काट दिया। वहीं, दीपक और उसकी मां साधना लात-घूंसों से मारपीट की। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।