हरियाणा के जिला सिरसा के डबवाली उपमंडल में सीवरेज लाइन बंद पड़ी है। गंदा पानी बाहर सड़कों और गलियाें में बह रहा है। पेयजल आपूर्ति के दौरान भी नलों से सीवरेज युक्त पेयजल की आपूर्ति हो रही है।
लोग जलजनित बीमारियों की चपेट में आकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। बीमार लोगों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दावा किया है कि समस्या का समाधान करने के प्रयास जारी है।
वार्ड नंबर 19 की धर्मकोटियों वाली गली, बराड़ों वाली गली में पिछले करीब दस दिनों से सीवरेज का पानी सड़काें और गलियों में बह रहा है।
स्कूली बच्चे गंदे पानी में से गुजरने को मजबूर हो रहे हैं। यही हालत वार्ड नंबर 18 के तहत आने वाले चौहान नगर की है।
सीवरेज बंद होने से गंदा पानी नेशनल हाईवे पर बह रहा है। इस क्षेत्र के लोग जल जनित रोगों की चपेट में आकर बीमार पड़ रहे हैं।
लोगों के अनुसार वे अपने वार्ड पार्षदों सहित जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष भी आवाज उठा चुके हैं, लेकिन आज तक उनकी समस्या का हल नहीं हो पाया है।
उपरोक्त क्षेत्रों में सीवरेज जाम का प्रभाव दूसरे क्षेत्रों पर भी पड़ रहा है। साथ लगते वार्ड नंबर 15 और 16 में भी पिछले दो दिनों से गंदे पेयजल की आपूर्ति हो रही है।
समस्या के समाधान का प्रयास जारी
जनस्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता सतपाल रोज ने बताया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया था।
समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। जहां पर लीकेज है, उसे बंद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे पहले इस प्रकार की उन्हें कोई शिकायत ही नहीं मिली। प्रभावित वार्डो में पाइप लाइन की जांच करवाई जाएगी।
डॉक्टर साहब कुछ तो ध्यान दो
नेशनल हाईवे पर मुख्यमंत्री के ओएसडी (मीडिया) डॉ. केवी सिंह का कार्यालय बना हुआ है। इससे कुछ दूरी पर ही गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।
बड़े हैरत की बात है कि अभी तक किसी भी कांग्रेसी कार्यकर्ता या नेता ने इस समस्या को उठाने की जहमत नहीं उठाई।
पंजाब का पानी पीने को मजबूर
बराड़ों वाली गली के निवासी राकेश कुमार, मोहन लाल, सुरजीत सिंह, दलजीत सिंह, कुलवंत सिंह, थाना सिंह, प्रेम कुमार, गुरतेज सिंह ने बताया पिछले दस दिनों से वे गंदे पानी से निकल रहे हैं।
इसके साथ ही गंदा पानी नलों से आ रहा है, जिससे गली में स्थित प्रत्येक घर का कोई न कोई सदस्य बीमार पड़ा है।
अब वे लोग डबवाली जन स्वास्थ्य विभाग की पेयजल आपूर्ति को तौबा करके पंाच किमी दूर स्थित पंजाब के गांव डूमवाली स्थित आरओ से पीने के लिए पेयजल ला रहे हैं।