आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कारोबारियों से मांगी जा रही रंगदारी के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अपराध आउट ऑफ कंट्रोल हो गया है। दिनदहाड़े गोलियां मारी जा रही हैं, फिरौती मांगी जा रही और लोगों की हत्याएं की जा रही हैं। लोगों को सड़क पर निकलते हुए डर लगने लगा है। लेकिन सरकार घुटने टेक कर बैठी है। आपराधिक घटनाओं को रोकने में भाजपा सरकार फेल रही है।
उन्होंने कहा कि दो दिन पहले हिसार की ऑटो मार्केट में 3 नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। बदमाशों ने करीब 30 राउंड फायर किए और शोरूम के सामने पर्ची फेंककर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। हिसार में भीम ऑटोमोबाइल संचालक से भी 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। कुछ दिन पहले ऑटो व्यवसाय करने वाले से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इससे पहले गोहाना में भी 30 राउंड गोलियां चलाई गईं, सांपला और बहादुरगढ़ में भी गोलियां चलाकर रंगदारी मांगी गई।
पानीपत में बस स्टैंड के पास से कलेक्शन के 27 लाख रुपये कैश लूट लिए गए। उन्होंने कहा कि करनाल के घरौंडा में बर्थ डे पार्टी से घुस कर हमला किया गया। जींद के गांगोली गांव में गोली चलाने की घटना घटी है। यदि हम हरियाणा के किसी भी शहर या गांव की बात करें तो आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा-हरियाणा में भाजपा सरकार पूरी तरह से लाचार है। आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री नायब सिंह से मांग करती है कि हरियाणा में कानून का राज लाएं। हरियाणा के लोग इतने परेशान हैं कि वो मुख्यमंत्री को बदलने के लिए तैयार हैं।