प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भाजपा के अंदर काफी जोर-आजमाइश चल रही है। सूत्रों का दावा है कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल चाहते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष भी उनकी पसंद का हो। शीर्ष नेतृत्व को उन्होंने कई नाम सुझाए हैं, जिनमें कृष्णलाल पंवार, सुभाष बराला, अरविंद गौड़, संजय भाटिया, मनीष ग्रोवर व कृष्ण बेदी शामिल हैं। ये सभी मनोहर के करीबी हैं।
वहीं, दूसरी तरफ पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, सुधा यादव का नाम पार्टी अध्यक्ष की दौड़ में शामिल हैं। अब पार्टी को तय करना है कि वह अपनी पुरानी नीति आकर किसी जाट बिरादरी के नेता को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपती है या दलित या ब्राह्मण समुदाय के नेता को प्रदेश की जिम्मेदारी देकर नया प्रयोग कर सकती है। वहीं, सूत्रों का दावा है कि पार्टी एक ऐसे नेता को कमान देना चाहती है जिस पर सभी की सहमति हो। उसके नाम पर न केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत को कोई एतराज हो और न ही अनिल विज को कोई परेशानी हो।
पंचकूला में अमित शाह के आगमन को लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी है। बुधवार को प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली ने व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की आगमन की तैयारियों को लेकर 21 विभाग बनाए गए, जो व्यवस्था का दायित्व संभालेंगे। बैठक से पहले 27 जून को भाजपा विधायक दल और 28 जून को प्रदेश पदाधिकारियों की भी बैठक होगी।
बैठक में मुख्य एजेंडा विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर है। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले होने वाली विस्तृत कार्यकारिणी की यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आने से कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कहा कि यह बैठक पंचकूला में हो रही है इसलिए हमारी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। पहले यह बैठक कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित थी, लेकिन ज्यादा लोगों के आने की वजह से यह बैठक पंचकूला में प्रस्तावित कर दी गई है।