लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात शूटर प्रियव्रत फौजी के नाम पर कारोबारियों से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। व्हाट्सएप पर मैसेज और वीडियो भेजकर धमकी दी गई है। शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों व्यापारियों को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात शूटर प्रियव्रत फौजी के नाम पर पानीपत के मिठाई कारोबारी और डेयरी संचालक से रंगदारी मांगी गई है। बदमाशों ने व्हाट्सएप पर मैसेज और वीडियो भेजकर रंगदारी नहीं देने पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी है। तहसील कैंप थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और सतर्कता बरतते हुए दोनों शिकायतकर्ताओं को सुरक्षा मुहैया करा दी है।
विज्ञापन
तहसील कैंप क्षेत्र के एक मिठाई कारोबारी ने तहसील कैंप थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसको और उसके नजदीकी अशोक विहार कॉलोनी निवासी राकेश के पास शुक्रवार को व्हाट्सएप पर धमकी भरे मैसेज और वीडियो भेजे गए। इसमें आरोपी बदमाश ने बताया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर प्रियव्रत फौजी का खास आदमी कशिश है और उसे हर माह लाखों रुपये रंगदारी चाहिए।
न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपी ने कारोबारी को प्रियवृत फौजी की वीडियो भेजकर डराने का भी प्रयास किया है। घटना के बाद सहमे व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस की ओर से दोनों व्यापारियों को सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए गए हैं। अब जिस नंबर से धमकी भरे मैसेज और वीडियो भेज गए हैं, पुलिस उस नंबर को ट्रेस करने में जुट गई है।
विज्ञापन
प्रियवृत फौजी ने सिद्धू मूसेवाला पर चलाई थी पहली गोली
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मुख्य आरोपी प्रियवृत फौजी है। इससे पहले वह सेना में था और 2015 में उसने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद एक हत्या के केस में उसका नाम आया। जेल से जमानत के बाद वो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ गया। फिर 29 मई 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उसका नाम चरचाओं में आया। फिलहाल वो दिल्ली की तिहाड़ जेल में है।
प्रियवृत फौजी का नाम लेकर व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर कारोबारी से रंगदारी मांगी गई है। फिलहाल रकम नहीं लिखी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -अजीत सिंह शेखावत, एसपी पानीपत।