हरियाणा में जहरीली शराब से यमुनानगर जिले में हो रही मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार को यमुनानगर में खंड सरस्वती नगर के थाना छप्पर क्षेत्र के सारन गांव में जहरीली शराब से एक ही दिन में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं बिलासपुर के मंगलौर और पंजेटो के माजरा गांव में भी एक-एक की जान चली गई। इससे पहले यमुनानगर में नौ लोगों की जहरीली शराब से मौत हो चुकी है, ऐसे में अब तक जिले में मौतों का आंकड़ा 14 तक पहुंच गया है। इसके अलावा अंबाला में शराब फैक्ट्री के दो कारिंदों की मौत हो चुकी है, यानी जहरीली शराब ने अब तक 16 लोगों की जान ले ली है।
दूसरी ओर एहतियातन प्रशासन की तरफ से मंडेबरी गांव में एक एंबुलेंस खड़ी करवा दी गई है ताकि किसी की तबीयत खराब होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया जा सके। लगातार हो रही मौत के बाद हालात का जायजा लेने के लिए एसपी गंगा राम पूनिया ने मंडेबरी, पंजेटो का माजरा व फूंसगढ़ का दौरा किया।
जहरीली शराब प्रकरण में पुलिस अभी तक कांग्रेस नेता और शराब ठेकेदारों समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 15 नवंबर तक रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में करीब 10 लोग अभी पुलिस के रडार पर हैं, जिनकी गिरफ्तारी होनी है।
सारन गांव में शुक्रवार को जहरीली शराब से जान गंवाने वालों में 35 वर्षीय अनिल, 45 वर्षीय जगमाल सिंह और 33 वर्षीय प्रदीप शामिल हैं। वहीं बिलासपुर के मंगलौर गांव में 45 वर्षीय ऋषिपाल और पंजेटो के माजरा गांव निवासी 65 वर्षीय जगीर सिंह की भी जहरीली शराब से मौत हो गई है, हालांकि पुलिस प्रदीप और ऋषिपाल की मौत को फिलहाल संदिग्ध बता रही है और 12 लोगों की ही जहरीली शराब से मौत की पुष्टि की है।
नकली शराब मामले में जेल काट चुका है गौरव
प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दल के नेता का बेटा गौरव कांबोज बुबका नकली शराब मामले में कई माह तक पहले भी जेल काट चुका है। जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2020 को शराब ठेकेदार गौरव कांबोज ने अपने हिस्सेदार के साथ नकली शराब से भरा कैंटर बुबका रोड से पकड़ा था। इस कैंटर को पुलिस को सौंप दिया गया था। मौके पर मथाना निवासी प्रदीप को पकड़ा गया था। कैंटर से 689 पेटियां देसी शराब बरामद की गई, जिनमें 8279 बोतलें पाई गईं। बड़ी मात्रा में नकली शराब पकड़े जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि गौरव कांबोज ने जानबूझ कर शराब से भरा ट्रक पकड़वाया था। उस वक्त उनका रादौर क्षेत्र में ही शराब का ठेका था। नकली शराब के रेट पर सहमति नहीं बनने पर उन्होंने ट्रक को पकड़वा दिया था। गौरव करीब पांच साल से शराब कारोबार से जुड़ा है।
करीब 12 साल से शराब कारोबार में है मांगे राम
जहरीली शराब प्रकरण में गिरफ्तार कांग्रेस नेता मांगे राम मारूपुर करीब 12 साल से शराब कारोबारी है। पहले उसका ठेका रादौर क्षेत्र में हुआ करता था। अब वह अन्य ठेकेदारों के साथ यमुनानगर शहर के कई ठेकों में हिस्सेदार हैं। वह प्रदेश कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री का करीबी बताया जा रहा है। मंत्री का उसके घर पर आना-जाना भी रहा है। पांच साल पहले मांगे राम ने पूर्व मंत्री के लिए रादौर में रैली का आयोजन किया था जिसमें अच्छी खासी भीड़ जुटी थी। त्योहारों व कांग्रेस के आयोजनों के दौरान लगे उनके होर्डिंग पर पूर्व मंत्री की फोटो अक्सर देखी जाती है।
अवैध शराब न पीने की अपील कर रही पुलिस
डीएसपी राजेश कुमार का कहना है कि अवैध रूप से बिक रही शराब हानिकारक होती है। जिले में जिन 14 लोगों की मौत हुई है, उन सभी में शुरुआती लक्षण एक जैसे दिखे हैं। अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। पहले से गिरफ्तार आरोपी 15 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर हैं। इस पूरी चेन का तोड़ते हुए पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने का काम किया जाएगा।