फरार हुए बंदी शिवम पर हत्या, बैंक डकैती और पेट्रोल पंप लूट सहित चार मुकदमे दर्ज हैं। सदर थाना एसएचओ श्रीभगवान यादव की टीम ने रिवाड़ी खेड़ा केनरा बैंक के लूट मामले में उसे 27 अगस्त को गिरफ्तार किया था। सदर पुलिस ने 31 अगस्त को उसे जेल में छोड़ा था। शिवम ने बैंक से चार लाख 70 हजार की डकैती हथियार के बल पर अपने साथियों के साथ की थी।
सदर थाना पुलिस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। 20 जुलाई को आरोपी शिवम ने अपने साथियों के साथ तोशाम थाना क्षेत्र में नितिन फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप के सेल्समैन से पिस्तौल के बल पर पैसे लूटे थे। तोशाम पुलिस ने एक सितंबर को आरोपी शिवम का प्रोडक्शन वारंट हासिल किया था, जिसकी कोरोना रिपोर्ट दो सितंबर को पॉजिटिव आ गई थी। इसके बाद उसे जिला सामान्य अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया था। शिवम के खिलाफ जींद में भी हत्या का एक केस दर्ज है।
कोरोना वार्ड के बाहर तैनात थी पुलिस, पीछे से हुआ फरार
बंदी शिवम जिस आइसोलेशन वार्ड में तैनात था, उसके बाहर पुलिस भी तैनात थी लेकिन बंदी अपने बेड पर लगी हथकड़ी से निकलने के बाद पिछले रास्ते या खिड़की से फरार हो गया। पुलिस की टीमें उसका सुराग लगाने में जुट गई हैं।
मैं सुबह वार्ड में साढ़े दस बजे राउंड पर था, जब बंदी अपने बेड पर था। दोपहर करीब दो बजे भी वार्ड में बंदी को बेड पर देखा गया लेकिन शाम करीब पांच बजे जब राउंड पर पहुंचा तो बंदी अपने बेड पर नहीं मिला और हथकड़ी बेड पर बंधी हुई थी। इसकी सूचना मैंने संबंधित अधिकारियों को दे दी है। -डॉ. धर्मेंद्र सिंह, इंचार्ज, आइसोलेशन वार्ड
जिला सामान्य अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से एक बंदी फरार होने की सूचना मिली है। वे खुद मौके पर पहुंचे हैं। इस संबंध में चिकित्सकों से जानकारी जुटाए जाने के बाद फरार बंदी के संबंध में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। - रवींद्र कुमार, एसएचओ, सिटी पुलिस थाना, भिवानी