मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने धुर विरोधी चौधरी बीरेंद्र सिंह और कुमारी सैलजा पर पलटवार करते हुए कहा है कि कोई भी नेता गलतफहमी में न रहे।
उन्होंने यह प्रतिक्रिया उस बयान पर दी जिसमें बीरेंद्र सिंह और कुमारी सैलजा ने कहा था कि गोहाना रैली कांग्रेस की नहीं बल्कि हुड्डा (सीएम) की थी।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी की सरकार का मुख्यमंत्री हूं।
रैली में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी और महासचिव डॉ. शकील अहमद मौजूद थे। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूलचंद मुलाना भी मौजूद थे। कोई भी नेता गोहाना रैली पर गलतफहमी में न रहे।
सीएम ने कहा कि गोहाना की 10 नवंबर की रैली में जुटी भीड़ ने हरियाणा कांग्रेस की ताकत दिखा दी है।
हरियाणा में हुए विकास कार्यों पर दूसरी बार सरकार बन चुकी है और अब तीसरी बार भी कांग्रेस की सरकार बनेगी।
सीएम ने कहा कि 2009 में दूसरी बार सरकार बनते ही जनहित और विकास के कार्य शुरू हो गए थे।
हुड्डा ने कहा कि महंगाई भी चुनाव एक मुद्दा था, यूपीए सरकार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू किया है।
इतनी बड़ी सब्सिडी दी है कि ग्रामीण क्षेत्र के 75 फीसदी और शहरी क्षेत्र के 50 फीसदी लोगों पर महंगाई का असर न पड़े। महंगाई वैश्विक अर्थव्यवस्था पर निर्भर करती है और पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यों में वृद्धि हुई है।
पड़ोसी राज्य पंजाब द्वारा निवेश आकर्षित करने के लिए करवाए जा रहे बड़े आयोजन के सवाल पर सीएम ने कहा कि हरियाणा प्रति व्यक्ति आय और निवेश के मामले में अग्रणीय है।
हरियाणा में निवेश आ रहा है। अब इटली और चीन की बहुराष्ट्रीय कंपनियों से बातचीत चल रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एसएस ढिल्लों, डॉ. केके खंडेलवाल, अतिरिक्त प्रधान सचिव शिवरमन गौड़, उप प्रधान सचिव आरएस दून, प्रधान ओएसडी एमएस चोपड़ा, ओएसडी बीआर बेरी और अन्य उपस्थित थे।