ट्रेड फेयर जाने वालों को नए और पुराने शहर से हर 10-15 मिनट में मेट्रो स्टेशन तक की सवारी मिलेगी। रोडवेज ने मेट्रो स्टेशनों तक सिटी बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ा दी है। साथ ही केंद्रीय विहार और बस अड्डा से हुडा सिटी सेंटर तक छह सिटी बसें अतिरिक्त चलाई हैं।
यहां से अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (ट्रेड फेयर) में जाने वालों की खासी संख्या होती है। मेट्रो के संचालन के बाद से इसको तवज्जो देने वालों की अच्छी- खासी संख्या भी है।
ऐसे में रोडवेज भी शहर के कई हिस्सों को मेट्रो स्टेशन से सीधे जोड़ने के साथ ही बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ा दी है। कुछ स्थानों से 10 मिनट तो कुछ से 15 मिनट में बस मिल रही है। लक्ष्मण विहार, बस अड्डा, केंद्रीय विहार से सिटी बसें पकड़ी जा सकती हैं।
रोडवेज महाप्रबंधक यशेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन और केंद्रीय विहार की ओर से आने वाले यात्रियों को हर 15 मिनट में हुडा सिटी सेंटर तक बसें मुहैया कराई जा रही हैं।
बस अड्डा में यह फ्रीक्वेंसी 10 मिनट की है। केंद्रीय विहार और बस अड्डा से तीन-तीन बसें अतिरिक्त चलाई गई हैं। ये बसों का संचालन 27 नवंबर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण विहार से सीधी सेवा है। पालम विहार और उद्योग विहार की आने वाले यात्री सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन से सीधे दिल्ली पहुंच सकते हैं।