चरखी दादरी। गांव बौंद खुर्द के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बौंद खुर्द निवासी मनजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई रोहताश की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रोहताश ने बताया कि उसका भाई मनजीत मोटरसाइकिल पर रानीला से बौंद खुर्द स्थित अपने घर आ रहा था। जब वह गांव के पास लाल जी झोड़ के नजदीक पहुंचा तो एक ट्रैक्टर चालक लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए खेत से सड़क पर आ गया और उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में मनजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बौंद कलां थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।