चरखी दादरी। एनएच-334 बी पर बुधवार देर शाम ट्रक चालक के ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार खेड़ी बत्तर निवासी किशोरी की मौत हो गई। उसके भाई व चाचा घायल हो गए। वीरवार सुबह पुलिस ने दादरी नागरिक अस्पताल में किशोरी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार, बुधवार शाम खेड़ी बत्तर निवासी अनिल, अपनी भतीजी सीना (16) और भतीजे साहिल के साथ कार में सवार होकर दादरी आए थे। बुधवार को साहिल का जन्मदिन था। उसकी बहन के कहने पर वे तीनों केक लेने के लिए दादरी आए थे। दादरी से घर लौटते समय एनएच 334-बी पर जब वे भैरवी गांव के समीप पहुंचे तो आगे चल रहे ट्रक वाले ने ब्रेक लिया। इससे पीछे से आ रही उनकी कार ने ट्रक में टक्कर मार दी।
विज्ञापन
हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें सवार अनिल, सीना और साहिल चोटिल हो गए। सीना और साहिल को ज्यादा चोटें लगीं। तीनों को राहगीरों ने दादरी नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सीना को मृत घोषित कर दिया। साहिल को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
वहीं, घायल अनिल का नागरिक अस्पताल में ही उपचार किया गया। दूसरी ओर हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक अपना वाहन लेकर भाग निकला। घायल अनिल के बयान पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।