चरखी दादरी। केंद्र सरकार ने मेरा बिल मेरा अधिकार योजना चलाई है। इसमें भाग लेने के लिए ग्राहक को अपना जीएसटी बिल पोर्टल पर अपलोड करना होगा। ड्राॅ में भाग लेने के लिए कम से कम 200 रुपये का जीएसटी बिल होना जरूरी है। इसके तहत हर माह ड्राॅ निकाले जाएंगे। इसमें शामिल ग्राहकों को एक करोड़ रुपये तक का इनाम जीतने का मौका मिल सकता है। ऐसे में आम नागरिक के लिए भी जीएसटी बिल लेना फायदे का सौदा हो सकता है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से वित्त मंत्रालय के माध्यम से ग्राहकों के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत जीएसटी बिल लेने वाले ग्राहकों को इनाम जीतने का मौका मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि योजना के हत हर माह ड्राॅ निकालकर ग्राहकों का चयन किया जाएगा। इस ड्राॅ में भाग लेने के लिए जीएसटी बिल web.merabill.gst.gov.in पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इस योजना से ग्राहकों और सरकारी कोष में फायदा होगा। इससे देश के विकास को गति मिलेगी। सरकार के इस कदम से कर चोरी के मामलों पर भी नकेल लग सकेगी।