चरखी दादरी। जिला नागरिक अस्पताल में दो माह सात दिन बाद एक्स-रे सुविधा बहाल हो गई है। मंगलवार को एक्स-रे होने से मरीजों को राहत मिली। वहीं, एचआरकेएन (हरियाणा रोजगार कौशल निगम) के तहत रेडियोग्राफर के चार पद भी स्वीकृत हुए हैं और जल्द ही नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। दूसरी ओर एक्स-रे सुविधा बहाल होने से अब मरीजों को दूसरे जिलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और इससे उनके समय व धन दोनों की बचत होगी।
बता दें कि जिले में तैनात इकलौते रेडियोग्राफर का गत 14 जून को कलानौर तबादला कर दिया था। इसके बाद से ही जिला नागरिक अस्पताल में एक्स-रे सुविधा बंद थी। आर्थिक रूप से कमजोर मरीज एक्स-रे के लिए भिवानी और रोहतक पीजीआई जाने को विवश थे। वहीं करीब दो सप्ताह पहले ही बतौर सीएमओ ज्वाइन करने वाले डॉ. जयकिशोर ने जल्द ही एक्स-रे सुविधा शुरू कराने का दावा किया था।
उनका दावा सही साबित हुआ और मंगलवार को रोहतक पीजीआई से ट्रांसफर कर भेजे गए रेडियोलॉजी ऑफिसर सनोज मलिक ने अपना कार्यभार संभाल लिया। वहीं मंगलवार से ही नागरिक अस्पताल में एक्स-रे सुविधा बहाल हो गई। रेडियोग्राफर की नियुक्ति होने से दो सीएचसी पर भी एक्स-रे की सुविधा बहाल हो जाएगी।
सीएचसी में भी नहीं एक्स-रे सुविधा, नागरिक अस्पताल पर ही निर्भर मरीज
बता दें कि चरखी दादरी जिले में रेडियोग्राफर की कमी काफी समय से बनी हुई है। यही कारण है कि झोझूकलां और गोपी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी एक्स-रे मशीन बंद कमरे में धूल फांक रही हैं। इन क्षेत्रों के मरीज पूर्णतया नागरिक अस्पताल पर निर्भर हैं।
प्रतिदिन हाेते हैं 150 से अधिक एक्स-रे
नागरिक अस्पताल में हर रोज एक्स-रे के लिए 150 से अधिक मरीज आते हैं। ऑरथो ओपीडी शुरू होने के बाद एक्स-रे मरीजों की संख्या दोगुना तक बढ़ी है। अब इन मरीजों को दूसरे जिलों की खाक नहीं छाननी पड़ेगी। गत मई के आंकड़ें देखें तो 2853 मरीजों के एक्स-रे किए गए थे।
रेडियोग्राफर भर्ती होते ही सीएचसी स्तर पर शुरू होगी सुविधा
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि एचआरकेएन के तहत रेडियोग्राफर के चार पद स्वीकृत हुए हैं। जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके तुरंत बाद उनकी तैनाती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को समीप ही एक्स-रे सुविधा मिले सके और उन्हें जिला अस्पताल न आना पड़े।
रेडियोलॉजी ऑफिसर की दादरी में नियुक्ति हो गई है। मंगलवार को मरीजों के एक्स-रे भी किए गए। एचआरकेएन के तहत दादरी जिले में रेडियोग्राफर के चार पद भी स्वीकृत हुए हैं और जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का हमारा प्रयास रहेगा।
डॉ. जयकिशोर, सीएमओ, चरखी दादरी