सड़क पर बैठी महिला प्रत्याशी से बातचीत करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। वार्ड-19 के पोलिंग बूथ संख्या 40 पर फर्जी मतदान का आरोप लगाकर चेयरमैन पद की एकमात्र महिला उम्मीदवार अनीता जांघू ने अपने समर्थकों के साथ परशुराम चौक पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने दस मिनट बाद जाम खुलवा दिया, लेकिन इसके 30 मिनट बाद तक महिला प्रत्याशी सड़क पर बैठी रही। इसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम एवं चुनाव रिटर्निंग अधिकारी अनिल यादव ने निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाने का आश्वासन देकर प्रत्याशी को शांत करवाया।
चेयरमैन प्रत्याशी अनीता जांघू दोपहर 1:50 पर अपने समर्थकों के साथ परशुराम चौक पर पहुंची और उन्होंने रोड जाम कर दिया। इसके चलते बस स्टैंड रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही सिटी थाना रामसिंह वहां पहुंचे और उन्होंने प्रत्याशी से जाम लगाने का कारण पूछा। इस पर अनीता जांघू ने बताया कि उन्होंने बूथ संख्या 40 पर एक महिला को दूसरे की जगह वोट डालते पकड़ा है और उसके बाद भी बूथ पर तैनात ड्यूटी स्टाफ और पुलिसकर्मियों ने कोई एक्शन नहीं लिया। पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर कार्रवाई अमल में लाने का आश्वासन देकर महिला प्रत्याशी से रोड से हटने की बात कही गई, लेकिन वो तैयार नहीं हुई। इसके बाद दोपहर दो बजे डीएसपी जोगेंद्र सिंह वहां पहुंचे और 2:02 मिनट पर पुलिस ने जाम खुलवाकर वाहनों को निकलवा दिया। महिला प्रत्याशी फिर भी सड़क पर बैठी रही।
ढाई बजे एसडीएम अनिल यादव वहां पहुंचे और उनके आग्रह पर महिला प्रत्याशी सड़क से उठकर किनारे आ गई। वहां करीब 20 मिनट तक एसडीएम के साथ वार्ता का दौर चला। एसडीएम ने पोलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद बूथ पर करवाई गई वीडियोग्राफी की फुटेज देखकर अगली कार्रवाई अमल में लाने का आश्वासन दिया और इसके बाद प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ वहां से चली गई। इससे पहले उसने ड्यूटी स्टाफ के साथ भी कथित तौर पर अभद्रता करने का आरोप लगाया।
पोलिंग शांतिपूर्वक चल रही है। मैंने महिला प्रत्याशी को बूथ की वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई अमल में लाने का आश्वासन दिया है। प्रत्याशी के आरोपों की जांच के लिए प्रशासन तैयार है।
- अनिल यादव, एसडीएम एवं चुनाव रिटर्निंग अधिकारी।