चरखी दादरी। दादरी और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन एक नवंबर को किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा। पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने मंगलवार को अधिकारियों और राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने पुनरीक्षण अभियान के लिए राजनीतिक पार्टियों के जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी हर एक बूथ पर एक बीएलए नियुक्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन एक नवंबर को किया जाएगा। यह सूची हर बीएलओ के पास उपलब्ध होगी। इस सूची को देखने के बाद ही कोई व्यक्ति वोट बनवाने, वोट कटवाने या शुद्धि करवाने के लिए अपना फार्म भर कर दे। उन्होंने कहा कि एक नवंबर से तीस नवंबर तक नागरिकों से दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। जो युवा एक जनवरी 2022 को 18 साल की आयु पार कर लेता है, वह इस अवधि में वोट बनवाने के लिए फार्म भर सकता है। जिला के सभी 471 मतदान केंद्रों पर 13 और 14 नवंबर और 27 व 28 नवंबर को निर्वाचन विभाग की ओर से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दिनों में बीएलओ सुबह नौ से शाम पांच बजे तक अपने-अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे। 20 दिसंबर तक इन दावे और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा और पांच जनवरी 2022 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिले में कुल 3.87 लाख मतदाता
दादरी विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 98 हजार 400 मतदाता हैं और बाढड़ा हलके में एक लाख 89 हजार 56 वोटर हैं। जिला में इस समय कुल तीन लाख 87 हजार 456 मतदाता हैं। लिंगानुपात के अनुसार जिला में एक हजार पुरूष मतदाता की तुलना में 889 महिला वोटर हैं एवं जनसंख्या के अनुपात में जिला के एक हजार में से 672 व्यक्तियों के वोट बने हुए हैं। बाढड़ा का लिंगानुपात 894 व दादरी का अनुपात 884 महिला वोटर का है। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान लड़कियों के वोट जरूर बनवाए जाएं।
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
बैठक में उपायुक्त ने स्वराज इंडिया पार्टी के एडवोकेट संजीव गोदारा, आम आदमी पार्टी के रिंपी फौगाट व भाजपा के धर्मपाल सिंह को अपने सुझाव रखें। संजीव गोदारा ने सुझाव दिया कि पंचायती चुनावों में सर्विस वोटर को भी वोट डालने का अधिकार होना चाहिए। बाढड़ा एसडीएम व निर्वाचन प्रणाली के मास्टर ट्रेनर शंभू राठी ने इस अभियान से जुड़ी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में दादरी के एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, नगराधीश अमित मान, जिला राजस्व अधिकारी सतीश यादव, चुनाव तहसीलदार राजेंद्र सिंह, शमशेर सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारण, सह श्रम आयुक्त राजीव यादव, बीडीपीओ नरेश छिकारा, जिला शिक्षा अधिकारी जेपी संभ्रवाल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह, डॉ. कुलवंत, नगरपरिषद सचिव प्रशांत पाराशर आदि उपस्थित रहे।