बौंदकलां। जिला उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने सांवड़ गांव में जन समस्याएं सुनीं। उपायुक्त के समक्ष ग्रामीणों ने लावारिस गोवंशों की समस्या प्रमुखता से रखी। इस पर उपायुक्त ने गोशाला निर्माण करवाकर समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया और ग्राम पंचायत को जमीन मुहैया करवाने के निर्देश दिए। पंचायत की ओर से उपायुक्त को गोशाला निर्माण के लिए चार एकड़ भूमि देने का प्रस्ताव रखा और इस पर उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कुछ समस्याओं का मौके पर ही निदान करवा दिया जबकि कुछ समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
जिला उपायुक्त प्रदीप गोदारा ने कहा कि गो सेवा करना मानव जीवन का सबसे बड़ा धर्म है। इससे न केवल पुण्य प्राप्त होता है, बल्कि आत्मिक शांति भी मिलती है। वहीं, ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष जलभराव की समस्या भी रखी। इस पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने बौंद के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को इन गलियों का जायजा लेकर उचित प्रबंध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और विकास कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उपायुक्त के समक्ष सेवा संकल्प संगठन के पदाधिकारियों ने गांव के बस स्टैंड पर महिला शौचालय का निर्माण करवाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि यहां से छह गांवों की महिलाएं और बेटियां सफर करती हैं, लेकिन शौचालय न होने से उन्हें परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। उपायुक्त ने इस समस्या का समाधान भी जल्द करवाने का आश्वासन दिया।
ये समस्याएं भी रखीं उपायुक्त के समक्ष
ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि पंचायत भंग होने के बाद से सफाई व्यवस्था बेपटरी है। इसके अलावा बस स्टैंड पर लाइटों का प्रबंध नहीं है। जिससे सूरज ढलने के बाद ही अंधेरा पसर जाता है। सांवड से चरखी दादरी तक विद्यार्थियों के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू की जाए।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला विकास एवं निगरानी समिति सदस्य संजय सोनी, निवर्तमान सरपंच मदन सिंह परमार, पूर्व सरपंच जयपाल चौबारला, सुनील सोनी, गौरव चौबारला, जतिन गर्ग आदि मौजूद रहे।