चरखी दादरी। बिजली के बार-बार लग रहे कटों से परेशान ग्रामीणों ने गांव मकड़ानी में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सरकार को चेताते हुए कहा कि अगर उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उपायुक्त कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होंगे।
किसान नेता राजू मान ने कहा कि हकीकत यह है कि राज्य में बिजली की कोई कमी नहीं है और बिजली को लेकर जनता की परेशानियों के लिए केवल प्रदेश सरकार का कुप्रबंधन और बदनीयत जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रदेश के दो प्लांट बंद पड़े हैं और सरकार जान बूझकर उन्हें चालू नहीं कर रही है, जिसके कारण सप्लाई बार-बार बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि दादरी के साथ बाढड़ा उपमंडल के गांव भी बिजली के कटों से त्रस्त हैं।
उन्होंने कहा कि मोटा बिल चुकाने के बावजूद लाखों उपभोक्ताओं को न केवल दिन में बल्कि रात में भी बिजली की आंख मिचौली का सामना करना पड़ रहा है। लोग अपने दैनिक कामों को छोड़कर बिजली को लेकर प्रदर्शन करने पर मजबूर हैं। जनता की समस्याओं की अनदेखी कर गठबंधन सरकार के लोग वातानुकूलित कमरों में बैठकर जान बूझकर प्रदेश के लोगों को इस भीषण गर्मी में झोंकने का काम कर रहे हैं। मान ने कहा कि सरकार बिजली संकट से राहत दिलवाने के नाम पर प्रदेश पर बड़ा आर्थिक बोझ डाल रही है। सरकार बाहर से महंगी बिजली खरीद रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को अविलंब अपने प्लांट चालू करवाने चाहिए और लोगों को राहत देनी चाहिए। इस अवसर पर पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह, पूर्व सरपंच जंगशेर, पूर्व सरपंच महाबीर, सूरजभान, ज्ञानीराम, हरिप्रकाश, अमर सिंह, जयपाल, रमेश, मौजीराम, सुरेश, धनराज, रामोतार, मनदीप, रवि, शमशेर, राजू, संजय, काला ग्रामीण मौजूद रहे।