फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम, एक्सईएन के आश्वासन पर खोला

विज्ञापन
रोड जाम के दौरान मौजूद ग्रामीण और मौके पर पहुंची पुलिस टीम। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
पेयजल संकट से खफा ग्रामीणों ने लगाया जाम
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पेयजल संकट का दंश झेल रहे रासीवास के ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर बरसाना-कितलाना रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद भी जाम न खोलने पर एक्सईएन रोहित कुमार व एसडीओ मौके पर पहुंचे और उन्होंने तीन दिन में समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इससे पहले करीब दो घंटे तक मुख्यमार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था बाधित रही, जिसके चलते वाहन चालकों और राहगीरों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ा। पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की।
ग्रामीण सुखबीर, नरेश, दुलीचंद, धर्म सिंह, भोलू, राज सिंह, नरेंद्र, दिलबाग आदि ने बताया कि उनके गांव रासीवास में पिछले एक माह से पेयजल संकट गहराया हुआ है। जलघर में मोटरों की कमी के कारण गांव में नियमित और पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या का दंश वो पिछले कई दिनों से झेल रहे हैं। इस समयावधि में वो कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से समाधान की गुहार भी लगा चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या का समाधान न होने पर ही उन्होंने जाम लगाने का निर्णय लिया।
विज्ञापन

इससे पहले दोपहर पौने दो बजे ग्रामीण बरसाना-कितलाना मुख्यमार्ग पर उतर आए और अवरोधक डालकर सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों के सड़क पर बैठने से ट्रैफिक व्यवस्था ठप हो गई और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस टीम ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए जाम खोलने की अपील की, लेकिन उन्होंने विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग रख दी। इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन व एसडीओ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद विभाग के अधिकारियों ने समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। दो घंटे बाद करीब पौने चार बजे ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
- दूर-दराज क्षेत्र से लाना पड़ रहा पानी
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था न्यूनतम दर्जे की है। ग्रामीणों को अपने स्तर पर ही पानी का प्रबंध करना पड़ रहा है। लोग दूर-दराज क्षेत्र से पानी ढोकर घरेलू जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
विज्ञापन

- चार में से दो मोटरें जलने के कारण हो रही पेयजल आपूर्ति प्रभावित
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को बताया कि जलघर में चार मोटर हैं, जिनमें से दो एक माह से खराब हैं। इन जली मोटरों को विभाग ने अब तक ठीक नहीं करवाया है और न ही इनके स्थान पर दूसरी मोटर लगाई गई हैं। इस पर अधिकारियों ने आश्वस्त करते हुए कहा कि तीन दिन में समस्या का स्थायी समाधान करवा दिया जाएगा और तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे गांव में पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
-----------
वर्जन::
ग्रामीणों को समस्या के समाधान का हमने आश्वासन दिया है और तब तक हम वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे गांव में आपूर्ति करेंगे।
रोहित कुमार, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें