चरखी दादरी। रावलधी आईटीआई में छह चरण पूरे होने के बाद रिक्त बची सीटों को सातवीं काउंसलिंग से भरा जाएगा। इसका शेड्यूल जारी कर दिया गया है। प्राचार्य अजय खोखर ने बताया कि अब तक दाखिल लेने से वंचित रहे आवेदक अब किसी भी आईटीआई में रिक्त सीटों पर दाखिला ले सकते हैं। विभाग की ओर से इसके लिए पोर्टल खोल दिया गया है।
अजय खोखर ने बताया कि 17 से 29 अक्तूबर तक दाखिले के लिए आवेदक नया फार्म भर सकते हैं। इसके अलावा जिन आवेदकों ने पहले दाखिला फार्म भरा हुआ है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि 19 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक संस्थान में दाखिला लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इसके लिए आवेदक को ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद एक मेरिट कार्ड मिलेगा जो उसे संस्थान में दोपहर 12 बजे तक जमा करवाना होगा जिसके बाद संस्थान स्तर पर 12 बजे तक आए सभी मेरिट कार्ड अनुसार मेरिट बनाकर रिक्त सीटों पर दाखिले किए जाएंगे।
अजय खोखर ने बताया की इस बार संस्थान में दाखिले के लिए कुल 584 सीटों के लिए दाखिले होंगे। इस संस्थान की सभी सीटें भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एनसीवीटी मोड़ में हैं। उन्होंने बताया कि चरखी दादरी जिले में कुल 12 आईटीआई हैं जिनमे 6 राजकीय और 6 प्राइवेट आईटीआई हैं।
रावलधी संस्थान में हुए सबसे अधिक दाखिले
छह काउंसलिंग के बाद की सभी आईटीआई में हुए दाखिलों की स्थिति देखें तो रावलधी ब्वॉयज आईटीआई सबसे आगे है। यहां अब करीब साठ सीटें रिक्त हैं जबकि जिले की कई छोटी आईटीआई में 50 से अधिक सीटें अभी भी खाल हैं। इन्हें भरने के लिए संस्थान और विभाग की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।