फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: लोहारू कैनाल में डूबने से दो किशोरों की मौत, एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाकर ढूंढे शव

Wed, 03 Jun 2026 11:03 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
नहर में किशोर की तलाश करते गोताखोर। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर के पास से गुजरने वाली लोहारू कैनाल में मंगलवार को दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान शहर के वार्ड 17 निवासी समीर कादयान और झरना घाट क्षेत्र निवासी कार्तिक के रूप में हुई है। समीर का शव मंगलवार देर शाम व कार्तिक का शव बुधवार सुबह कैनाल में सर्च अभियान चलाकर बरामद किया गया। दोनों किशोर मंगलवार को अलग-अलग समय पर दोस्तों के साथ कैनाल में नहाने गए थे।
विज्ञापन

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड-17 निवासी करीब साढ़े 17 वर्षीय समीर कादयान मंगलवार दोपहर को अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए लोहारू कैनाल पर स्थानीय घिकाड़ा रोड पुल के पास गया था। उसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में डूबने लगा। उसे डूबता देख अन्य किशोर घबरा गए और उन्होंने घटना की जानकारी उसके पिता धर्मेंद्र को दी। सूचना पाकर जब धर्मेंद्र मौके पर पहुंचा तब तक पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर सर्च अभियान शुरू कर दिया था। देर शाम को समीर का शव कैनाल से बरामद हुआ। सदर थाना पुलिस ने मृतक के पिता धर्मेंद्र के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया। परिजनों के अनुसार समीर ने हाल ही में बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की थी।

दूसरी घटना में स्थानीय झरना घाट क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय कार्तिक मंगलवार को घर से हीरा चौक में पानी की छबील पर सेवा करने की बात कह कर आया था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कार्तिक अपने दोस्तों के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। परिजनों की ओर से उसके साथियों से पूछताछ करने पर उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी लेकिन जब पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने कार्तिक के लोहारू कैनाल में नहाते समय डूबने की बात बताई। जिस पर पुलिस ने हरियाणा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को सूचना दी। सूचना पाकर बुधवार सुबह टीम कैनाल पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। टीम में शामिल गोताखोर की ओर से कैनाल में काफी दूरी तक तलाश की गई। करीब पौने घंटे बाद टीम ने कैनाल से किशोर का शव बरामद किया। इस दौरान फोरेंसिक साइंस लैब टीम ने भी मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। परिजनों के अनुसार कार्तिक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह निजी स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था।
विज्ञापन


सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गई थी और सर्च अभियान चलाया। मंगलवार देर शाम को समीर कादयान तथा बुधवार सुबह कार्तिक का शव कैनाल से बरामद कर लिया गया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। सुनील कुमार, प्रभारी, सदर थाना, दादरी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें