कोसली और नांगल पठानी रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आने से सुधराना निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का शव रविवार सुबह रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ। दादरी जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार सुधराना निवासी मलखान शनिवार को अपने गांव सुधराना आने के लिए रेवाड़ी से ट्रेन में सवार हुआ था। रविवार सुबह दादरी जीआरपी को सूचना मिली कि सुधरना और नागली पठानी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। जीआरपी टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान मृतक की पहचान हुई और घटना की जानकारी पाकर उसके परिजन भी मौके पर पहुंचे। जीआरपी ने शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया और वहां मृतक के भाई के बयान पर कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम करवाया।