फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला स्तरीय स्टेडियम के लिए पांच करोड़ की पहली किस्त जारी, 16 गेम कोर्ट की होगी व्यवस्था

विज्ञापन
दादरी- दिल्ली रोड पर गांव समसपुर में खेल स्टेडियम निर्माण के लिए चिह्नित जगह। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
समसपुर गांव में जिला स्तरीय स्टेडियम बनवाने की मांग अब जल्द परवान चढ़ेगी। खेल विभाग के पास स्टेडियम निर्माण के लिए पांच करोड़ की पहली किस्त पहुंच चुकी है। अगले 15 दिन में इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। साढ़े 23 एकड़ में बनने वाले स्टेडियम के लिए सरकार ने 20 करोड़ 88 लाख की राशि मंजूर की है। खेल विभाग अधिकारियों की मानें तो जल्द ही दूसरी किस्त भी खाते में पहुंच जाएगी। खेल विभाग स्टेडियम में 16 गेम कोर्ट (अलग-अलग खेलों के मैदान) बनवाएगा।
विज्ञापन

जिले में उपमंडल के समय से ही खेल स्टेडियम की कमी खल रही है। चरखी दादरी जिले ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी देश को दिए हैं। कुश्ती, वॉलीबाल, कबड्डी में जिले के दो दर्जन से अधिक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं। अहम बात यह है कि इन खिलाड़ियों ने अपने स्तर पर खेल अभ्यास व सुविधाएं जुटाकर यह मुकाम पाया है। लंबे समय से जिले में खेल स्टेडियम की मांग की जा रही थी। जिला बन जाने के बाद तो खेल स्टेडियम की जरूरत और बढ़ गई थी। ज्यादातर खिलाड़ी प्राइवेट खेल अकादमी में खेल अभ्यास करते हैं और इसके लिए उन्हें मोटी फीस चुकानी पड़ती है। इसके बावजूद उन्हें गुणवत्ता परक खेल सुविधाएं नहीं मिल पाती। पिछले दिनों सरकार ने खेल स्टेडियम को मंजूरी दी थी। इसके लिए दादरी-दिल्ली प्रमुख सड़क मार्ग पर गांव समसपुर में साढ़े 23 एकड़ जमीन स्टेडियम निर्माण के लिए फाइनल कर रखी है। यह जमीन मेन रोड पर है।
इससे पहले जनवरी 2018 में जिले के सामाजिक संगठन, युवा खिलाड़ी व प्रबुद्घ लोग इस मांग को लेकर सड़कों पर भी उतर आए थे। तत्कालीन डीसी विजय सिद्प्पा ने स्टेडियम निर्माण के लिए एस्टिमेट तैयार करवाकर सरकार को भेजा था। उनके तबादले के बाद प्रक्रिया धीमी पड़ गई। इसके कुछ माह बाद सरकार के पास जिला प्रशासन ने दोबारा प्रपोजल और एस्टिमेेट भेजा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद खेल विभाग ने स्टेडियम की ड्राइंग तैयार करवाई थी और इसके बाद फाइनल प्रपोजल सरकार को भेजा गया था। विभागीय अधिकारियों की मानें तो सरकार ने 20 करोड़ 88 लाख का बजट स्टेडियम निर्माण के लिए स्वीकृत किया था। हाल ही में खेल विभाग के खाते में पांच करोड़ की पहली किस्त पहुंच चुकी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्टेडियम निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित करने की औपचारिकता अगले दो सप्ताह के अंदर पूरी कर ली जाएगी।
विज्ञापन

स्टेडियम निर्माण के लिए 55 पंचायतें भी थी समर्थन में :
दिसंबर 2017 में स्टेडियम निर्माण की मांग ने जिले में जोर पकड़ा था। यह मांग जिले के सामाजिक संगठनों ने प्रमुखता से उठाई थी। स्टेडियम निर्माण की मांग को लेकर जिला प्रशासन की मार्फत 47 ज्ञापन प्रदेश सरकार को अलग-अलग संगठनों व प्रबुद्घ लोगों ने सरकार को भेजे थे। संगठनों के शिष्टमंडल ने सीएम मनोहर लाल को भी ज्ञापन दिया था। वहीं, जिले की करीब 55 पंचायतें और सभी खापें भी इस मांग के समर्थन में उतर आई थीं। वहीं, अमर उजाला ने स्टेडियम निर्माण के लिए लगातार दो माह तक मुहिम चलाई थी।
गत अप्रैल में मिली थी स्टेडियम की ड्राइंग को मंजूरी :
सरकार एवं खेल विभाग ने खेल स्टेडियम की ड्राइंग को मंजूरी अप्रैल माह में ही दे दी थी। इसके तहत स्टेडियम में 16 प्रकार के खेलों के खेल कोर्ट बनाए जाएंगे। इनमें तैराकी के लिए स्विमिंग पुल निर्माण भी शामिल है। इनके अलावा हॉकी, फुटबाल, वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, बॉक्सिंग, हैंडबॉल सहित कुल 16 खेलों के मैदान बनेंगे।
जिला खेल अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि खेल स्टेडियम निर्माण के लिए सरकार ने 20.88 करोड़ के बजट को मंजूरी देते हुए पांच करोड़ की पहली किस्त राशि भेज दी है। अब आने वाले 15 दिनों में निर्माण के लिए टेंडर लगा जाएंगे। टेंडर अलाट होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इससे जिले के खिलाड़ियों को खेल की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें