बाढड़ा। पड़ोसी के घर के बाहर बैठे व्यक्ति को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। अटेला कलां चौकी पुलिस ने रविवार सुबह जिला सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज लिया है।
जानकारी के अनुसार पिचोपा निवासी कुरड़ाराम (68) शनिवार शाम अपने घर के समीप पड़ोसी के घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में एक ट्रैक्टर आया और कुरड़ाराम को चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कुरड़ाराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल हेक्म सिंह ने बताया कि इस संबंध में मृतक के बेटे मुकेश के बयान पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ धारा 279, 304-ए के तहत केस दर्ज कर लिया है। मौके पर खड़े ट्रैक्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है।