झोझूकलां। गोकल के समीप एक राहगीर को रुकवाकर कार छीनने का मामला सामने आया है। रविवार शाम हुई वारदात को बाइक सवार तीन युवकों ने अंजाम दिया। पुलिस ने दगड़ोली निवासी गाड़ी मालिक एवं पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में दगड़ोली निवासी राजेश ने बताया कि रविवार शाम वो अपनी आई 20 लेकर किसी काम से दादरी जा रहा था। शाम करीब पांच बजे जब वो गोकल के समीप पहुंचा तो तीन युवकों ने बाइक आगे अड़ाकर उसे रुकवा लिया। उक्त युवकों ने उसे जबरन कार से नीचे उतार लिया और उसकी गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर झोझूकलां थाना पुलिस ने इस संबंध में धारा 41, 379-ए व 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।