संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। प्रदेश की भाजपा सरकार मूलभूत सुविधाएं तक लोगों को नहीं दे रही है। प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टर और स्कूलों में मास्टर नहीं हैं। देश में हरियाणा की पहचान बनाने वाले जवान, किसान और पहलवान हैं। भाजपा राज में तीनों की अनदेखी हुई है। सैनिक बनने का सपना देखने वाले प्रदेश के युवा अग्निवीर योजना से परेशान हैं जबकि किसान सरकार की नीतियों से महंगाई व कर्जे का बोझ झेल रहे हैं। अग्निवीर योजना से तो सैनिक बनने पर युवाओं के रिश्ते आने ही बंद हो गए हैं। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चरखी दादरी में कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में दो लाख पद खाली पड़े हैं और सरकार कौशल रोजगार निगम के जरिये युवाओं को रोजगार देने का अलाग अलाप रही है। उन्होंने कहा कि कौशल रोजगार निगम भ्रष्टाचार का अड्डा और लूट की दुकान है।
100 गज का भूखंड ही नहीं दो कमरे भी बनाकर देंगे
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि हुड्डा शासनकाल में 7 लाख गरीब परिवारों को 100-100 गज के भूखंड देने की घोषणा की गई थी। इसके बाद चार लाख पात्रों को भूखंड दिए गए जबकि जो तीन लाख वंचित रह गए थे। इसके बाद भाजपा ने इस योजना को बंद कर दिया। उदयभान ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर 100 गज के भूखंड के साथ दो कमरे व बिजली कनेक्शन भी सरकार की ओर से मुहैया करवाया जाएगा।
मंच से ये की गईं घोषणाएं
. बुजुर्गाें को 6 हजार रुपये मासिक पेंशन।
. दो लाख पदों पर नियमित भर्ती की जाएगी।
.गैस सिलिंडर 500 रुपये से ज्यादा नहीं होगा।
. कौशल रोजगार निगम प्रक्रिया के तहत भर्ती बंद होगी।
. किसान के लिए एमएसपी लागू की जाएगी।
. 300 यूनिट बिजली निशुल्क दी जाएगी।
. खिलाड़ियों के लिए पदक लाओ-पद आओ नीति फिर बहाल की जाएगी।