बाढड़ा। कस्बे के दादरी रोड पर व्यक्ति को झांसा देकर एक लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। गांव डोहका निवासी बनी सिंह ने बताया कि वह दादरी रोड स्थित ग्रामीण बैंक के पास खड़ा था। इसी दौरान एक युवक उसके पास आया और खुद को चाय बेचने वाला बताते हुए पर्ची निकाल कर ज्यादा पैसे जीतने का झांसा दिया।
युवक ने कहा कि उसकी एक लाख रुपये की पर्ची निकली है और यदि वह एक लाख रुपये देगा तो बदले में तीन लाख रुपये मिल जाएंगे। झांसे में आए बनी सिंह ने परिचित दो लोगों से एक लाख रुपये उधार लेकर युवक को दे दिए। रुपये लेते ही पहले से बाइक पर पहुंचे दो अन्य युवकों के साथ आरोपी मौके से भाग गया। ठगी का एहसास होने पर बनी सिंह ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली गई। संवाद