झोझूकलां। घरेलू सिलिंडर के अनाधिकृत प्रयोग को रोकने के लिए बुधवार दोपहर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने ढाबों और होटलों पर छापामारी की। टीम ने वहां से 11 घरेलू और तीन कॉमर्शियल सिलिंडर जब्त किए। अहम कोई भी ढाबा या होटल संचालक टीम के समक्ष सिलिंडर संबंधी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। करीब तीन घंटे चली कार्रवाई से होटल व ढाबा संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
दरअसल, खाद्य आपूर्ति विभाग को घरेलू सिलिंडर के दुरुपयोग संबंधी शिकायतें मिल रही थीं। इन पर संज्ञान लेते हुए बुधवार को इंस्पेक्टर यक्ष तेवतिया की अगुवाई में एक टीम गठित की गई। दोपहर के समय टीम ने छापामारी शुरू की और कुछ जगहों पर टीम को सफलताएं भी मिलीं। इंस्पेक्टर यक्ष तेवतिया ने बताया कि टीम ने बधवाना, झोझूकलां व आदमपुर डाढ़ी क्षेत्र स्थित ढाबों, होटलों व कॉमर्शियल जगहों पर छापामारी की। कार्रवाई के दौरान ढाबों व होटलों पर 14 घरेलू व कॉमर्शियल सिलिंडर मिले। जब इनके दस्तावेज मांगे गए तो संचालक पेश नहीं कर पाए, जिसके चलते टीम ने इन्हें जब्त कर लिया।
----