बाढड़ा। हुई निवासी एक युवक ने गांव निवासी कुछ युवकों पर शादी से एक दिन पहले उसे घर के बाहर पीटने का आरोप लगाया है। सात फेरे लेने के अगले ही दिन और मारपीट के दो दिन बाद घायल पांच मार्च को अस्पताल में भर्ती हुआ है। बाढड़ा थाना पुलिस ने उसके बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता के कथित आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें फंसाने के लिए ही खुद की गाड़ी में आग लगा ली। पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में हुई निवासी संदीप ने बताया कि गत चार मार्च को उसकी शादी थी और तीन मार्च की रात परिवार के लोग शादी की खुशियां मनाते हुए डीजे पर नाच रहे थे। उसी दौरान गांव निवासी कुछ युवक अपने दोस्तों के साथ कार में सवार होकर आए और आते ही झगड़ा शुरू कर दिया। उन्होंने उसके साथ मारपीट भी की और जब परिजनों ने उसे छुड़वाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी हाथापाई का प्रयास किया गया।
पुलिस बयान में संदीप का आरोप है कि इसके बाद आरोपी वहां से अपनी कार लेकर चले गए और आगे जाकर उन्होंने कार को आग लगाकर उसे मामले में झूठा फंसाने की धमकी दी। संदीप ने बताया कि चार मार्च को शादी होने के चलते उसे अस्पताल में भर्ती नहीं करवाया गया और पांच मार्च को वो मारपीट में लगी चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती हो गया। पुलिस ने इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।