बौंदकलां। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने मंगलवार को सांजरवास स्थित बिजली निगम सब स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। टीम ने यहां कर्मचारियों की तैनाती की जांच की, जबकि बिजली से संबंधित शिकायतों का रिकॉर्ड भी खंगाला। निरीक्षण के दौरान एक कर्मचारी गैरहाजिर पाया गया, जबकि बाकी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके अलावा, किसानों के 35 से अधिक ट्यूबवेल कनेक्शन के आवेदन अभी तक लंबित पाए गए।
मंगलवार को रोहतक से मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम दादरी पहुंची और वहां से गुप्तचर विभाग के कर्मचारियों के साथ सांजरवास गांव के बिजली सब स्टेशन में दबिश दी। टीम ने सबसे पहले कर्मचारियों की तैनाती का जायजा लिया और पाया कि 11 में से एक कर्मचारी गैरहाजिर था। इसके बाद टीम ने बिजली शिकायतों का रिकॉर्ड जांचा, जो कि संतोषजनक पाया गया। अंत में जनसंवाद के तहत आईं शिकायतों की स्थिति भी ठीक रही। यह निरीक्षण अधिकारियों के कामकाज की पारदर्शिता और सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।