घटनास्थल पर खड़ी क्षतिग्रस्त गाड़ी।
चरखी दादरी। दादरी जिले से गांव अचीना के समीप रविवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के साथ खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। मृतक 23 वर्षीय हर्ष गांव अचीना का रहने वाला था और सुबह के समय खेत संभालने गया था। नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव अचीना निवासी करीब 23 वर्षीय हर्ष खेतीबाड़ी करता था। शनिवार देर रात हुई वर्षा के बाद वह रविवार सुबह स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर अपने खेत संभालने गया था। खेत संभालकर वापस आते समय सुबह करीब साढ़े छह बजे जब वह अचीना चौकी और नहर के बीच राधा स्वामी सत्संग आश्रम के समीप पहुंचा तो अचानक उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई।
हादसे में हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर अचीना चौकी पुलिस व परिजन भी नागरिक अस्पताल में पहुंचे।
अचीना चौकी में तैनात जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल नरेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता जसबीर के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई अमल में लाई गई है। परिजनों ने बताया कि हर्ष दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था।