चरखी दादरी। दादरी शहर में डिफाल्टर पेयजल उपभोक्ताओं के खिलाफ जन स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। गत एक माह के दौरान 100 उपभोक्ताओं को पेयजल का बिल न जमा करवाने पर नोटिस भेजा है। समय रहते बिल जमा न करवाने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा। शहर में करीब 14 हजार पेयजल उपभोक्ता हैं।
बता दें कि शहर में पेयजल बिल के रूप में करीब 12 करोड़ रुपये बकाया हैं। उपभोक्ता बिल जमा करवाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। बिल के रूप में शहर में 120 रुपये प्रतिमाह वसूला जाता है। जिन उपभोक्ताओं ने पेयजल कनेक्शन पर मीटर लगवा रखा है उनसे 60 रुपये प्रति माह बिल लिया जाता है। गांवों में 40 रुपये प्रतिमाह बिल चार्ज है।
शहर में अधिकतर लोगों ने मेन लाइनों में अवैध कनेक्शन भी कर रखे हैं। मेन लाइन में कनेक्शन होने की वजह से लाइन भी जगह-जगह से कंडम हो रही हैं। लोग अपनी मर्जी से कनेक्शन कर लेते हैं। विभाग की अनुमति से प्रक्रिया के तहत कनेक्शन नहीं लिया जा रहा है जिससे विभाग को पता भी नहीं चल पाता है। एक मकान में दो-दो कनेक्शन तक कर रखे हैं। कनेक्शन करते समय सड़क को भी उखाड़ दिया जाता है। गलियों में गड्ढे बन जाते हैं।
विभाग की ओर से समय-समय पर इन अवैध कनेक्शन धारकों को भी नोटिस दिए जाते हैं। कई बार कनेक्शन काटते समय विभाग कर्मचारियों को लोगों का विरोध भी झेलना पड़ता है। उधर, वैध पेयजल कनेक्शन धारकों में से 55 प्रतिशत बिल भी जमा नहीं करवा रहे हैं जिससे विभाग को राजस्व में भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। विभाग अब इसके लिए सतर्क बना हुआ है। विभाग ने अब डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। गत एक माह के दौरान 100 डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस भेजे हैं।
विदित रहे कि विभाग ने शहर में अवैध कनेक्शनों की पहचान करने के लिए डेढ़ साल पहले सर्वे भी करवाई थी। जिसमें 47 हजार अवैध पेयजल कनेक्शन मिले थे। सर्वे के तहत मकान मालिक का मोबाइल नंबर, फैमिली आईडी नंबर दर्ज किया गया। जिन लोगों का कनेक्शन वैध है उनकी उपभोक्ता आईडी दर्ज की गई थी।
डिफाल्टर उपभोक्ताओं को नोटिस भेजने का काम शुरू कर दिया है। उपभोक्ता नियमित रूप से पेयजल बिल जमा करवाएं। विभाग पेयजल की नियमित रूप से आपूर्ति कर रहा है। उपभोक्ता प्रति छह माह में ऑनलाइन या ऑफलाइन बिल राशि जमा करवाएं।
-मोहन लाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, दादरी।