चरखी दादरी रेलवे स्टेशन परिसर पर आयोजित उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद सांसद धर्मबीर
चरखी दादरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये सोमवार को रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लोकार्पण के साथ रोहतक फाटक पर बनने वाले ओवरब्रिज का शिलान्यास किया। अमृत भारत योजना के तहत दोनों परियोजनाओं पर करीब 91.36 करोड़ लागत आएगी। स्टेशन का पुनर्विकास से रेल यात्रियों की सुविधाओं में इजाफा होगा, जबकि आरओबी बनने से प्रतिदिन करीब दस हजार से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
अंग्रेजों के समय बने दादरी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य पर 13.5 करोड़ की लागत आएगी। यहां पर काम जोरों से चल रहा है। बजट राशि से रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक रूप मिलेगा। यहां फुटपाथ बनाने के साथ प्लेटफार्म को ऊंचा उठाने, स्टेशन से बाहर आने का अलग रास्ता बनाने, लिफ्ट के साथ पैदल पथ पुल पर जाने का मार्ग बनाने के साथ-साथ वातानुकूलित आधुनिक प्रतीक्षालय कक्ष, शौचालय, पीने के पानी की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
वहीं, ओवरब्रिज के निर्माण पर 77.86 करोड़ रुपये लागत आएगी। रेलवे लाइन के ऊपर के हिस्से का निर्माण रेलवे, जबकि बाकी हिस्से का निर्माण पीडब्ल्यूडी की ओर से करवाया जाएगा। आरओबी फोरलेन होगा और इसकी लंबाई करीब 900 मीटर रहेगी। हाल ही में सरकार ने विधानसभा बजट सत्र में इसे मंजूरी दी है और दो दिन पहले ही डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी रेस्ट हाउस में इसका शिलान्यास किया था।
स्टेशन मॉल की तरह नजर आएगा रेलवे स्टेशन : सांसद
पीएम के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के मद्देनजर एक पंडाल रेलवे स्टेशन परिसर में तो दूसरा रोहतक फाटक के पास बनाया गया। आयोजन में सांसद धर्मबीर सिंह ने शिरकत की। इनके साथ भाजपा की जिला अध्यक्ष डॉ. किरण कलकल, नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी और जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि जल्द ही दादरी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद स्टेशन मॉल की तरह नजर आएगा।