चरखी दादरी। दादरी के महेेंद्रगढ़ चौक से लेकर 152डी तक बनने वाले फोरलेन रोड के लिए तकनीकी मंजूरी मिल गई हैं। अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से एक माह के अंदर फाइनल टेंडर जारी कर दिया जाएगा। शहर से गुजरने वाले इस रोड से हजारों लोगों को लाभ होगा।
स्थानीय महेेंद्रगढ़ चौक और समसपुर बाईपास से होकर गुजरने वाले वाहनों को अच्छे रोड की सुविधा देने के चलते एनएचएआई द्वारा सड़क के इस हिस्से का कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से 14 फरवरी तक ऑनलाइन टेंडर मांगे गए थे, जिसके आधार पर आवेदन करने वाली छह कंपनियों की तकनीकी बिड को मंजूरी मिल गई है। अब प्राधिकरण की ओर से इन कंपनियों की पात्रता की जांच की जा रही है। उसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी करके अगले एक माह में फाइनल टेंडर जारी कर दिया जाएगा। जिसके साथ ही इस रोड का काम शुरू हो जाएगा। इससे न केवल शहरवासियों को बल्कि प्रतिदिन इस रोड से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को काफी लाभ होगा।
दादरी से गुजरने वाले दिल्ली-महेेंद्रगढ़ रोड की वर्तमान में समसपुर टी प्वाइंट से लेकर महेेंद्रगढ़ बाईपास तक के हिस्से की हालत काफी खस्ता है। इस रोड से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। सड़क की हालत सही नहीं होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। इस सड़क के सुधार को लेकर काफी समय से प्रयास किए जा रहे हैं। उपायुक्त प्रीति भी कई बार एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के साथ मंथन कर चुकी हैं। इन सबके बीच एनएचएआई ने 152 डी से लेकर महेेंद्रगढ़ चौक तक के हिस्से की मरम्मत और सुधारीकरण को लेकर जारी टेंडर के स्वीकृति प्रदान कर दी है।
प्राधिकरण द्वारा जारी किए गए टेंडर के अनुसार जहां पर सड़क की हालत खराब है, वहां पर सीसी रोड बनाया जाएगा। इसमें समसपुर टी प्वाइंट, न्यारा पेट्रोल पंप के पास, चिड़िया मोड़ और चिड़िया मोड़ से महेेंद्रगढ़ चौक तक का दाईं ओर का हिस्सा शामिल है। इसके अलावा आरओबी के सुधारीकरण का कार्य भी इस परियोजना में शामिल किया गया है। कार्य में रोड की परत को उखाड़कर उसे नए सिरे से बेहतर तरीके से बनाया जाना है। इस कार्य पर 12 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होने का अनुमान है।
उपायुक्त प्रीति ने कहा कि शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के 152डी से महेेंद्रगढ़ चौक तक के हिस्से के निर्माण से हजारों वाहन चालकों को लाभ होगा। प्रशासन के अनुरोध पर एनएचएआई द्वारा इस रोड निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है। एनएचएआई के अनुसार अगले एक माह में रोड निर्माण का कार्य शुरू होगा जिससे वाहन चालकों को काफी सुविधा होगी।