चरखी दादरी। सर्दी में बिजली की बढ़ती चोरी रोकने के लिए निगम चौकन्ना हो गया है। सर्दी के मौसम में खासकर सुबह-शाम बिजली लोड बढ़ता है। काफी उपभोक्ता बिजली की रॉड, हीटर व अन्य आधुनिक उपकरणों से बिजली की सीधे तौर पर चोरी कर लेते हैं जिससे लाइनों में भी अचानक फॉल्ट आ जाता है और लाइन लॉस भी बढ़ जाता है।
बिजली चोरी रोकने के लिए निगम ने प्लानिंग तैयार कर ली है। बिजली निगम ने स्पेशल तौर पर शहर में टीमें तैनात कर दी हैं। जो दिन-रात बिजली चोरों पर नजर रख रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र में डिविजन स्तर पर टीमें बनाई गई हैं। इस समय शहर का लाइन लॉस 20 प्रतिशत के आसपास बना हुआ है। शहर मेंं करीब 18 हजार उपभोक्ता हैं।
सुधार पर भी है फोकस : बिजली निगम की ओर से लाइनों का मरम्मत कार्य भी जरूरत के अनुसार हो रहा है। पुराने तारों को भी बदला जा रहा है। नई केबल भी लगाई गई हैं। शहर में 2200 ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। पूरे जिले में 90 फीडरों के जरिए बिजली सप्लाई की जा रही है। शहर में 12 फीडर हैं।
अब बिजली चोरी रोकने के लिए निगम ने प्लान तैयार किया है। निगम का प्लान है कि बिजली 24 घंटे दी जाए और सर्दी के मौसम में एक यूनिट भी चोरी नहीं हो। इसी प्रकार गांवों में मौजूदा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति जारी रहेगी। गांवों में भी बिजली चोरों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कस लिया है।
बिजली निगम ने शहर में बिजली चोरी रोकने लिए चार टीमें तैनात कर दी हैं। यह टीमें दिन-रात बिजली चोरों पर नजर रखे हुए हैं। सूचना मिलने पर रात के समय भी बिजली चोरों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलेगा। यह टीमें अलग-अलग एरिया में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने का काम करेंगी ताकि लाइन लॉस संतुलित बना रहे।