खनन क्षेत्र का दौरा करने पहुंची मुख्यालय से आई टीम। स्रोत : विभाग
फोटो 15
रात को चेकिंग अभियान के दौरान ई-रवाना की जांच करते टीम के सदस्य। स्रोत : विभाग
- खनन विभाग की टीम ने शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक चेकिंग अभियान चलाकर जांचे 432 वाहन, विभिन्न खनन स्थलों का निरीक्षण भी किया
- टीम के अधिकारी बोले : क्रशर संचालक और ठेकेदार बरत रहे अनियमिता, महानिदेशक को सौंपेंगे रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। महानिदेशक केएम पांडुरंग के निर्देशों के बाद खनन विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। अवैध खनन और ई-रवाना बिना चलने वाले मालवाहक वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। जिला खनन विभाग के बाद शुक्रवार रात मुख्यालय से भी एक टीम चेकिंग के लिए दादरी पहुंची।
मुख्यालय से पहुंची टीम में शामिल खान एवं भू-गर्भ विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जिले के खनन स्थलों का निरीक्षण किया। टीम में राज्य भू-वैज्ञानिक दीपक हुड्डा, सहायक खनन अभियंता राजेश सांगवान, खनन अधिकारी ओमदत और सर्वेयर मोहित शामिल रहे।
इस टीम ने विभिन्न गतिविधियां जांची। विभाग के महानिदेशक के एम पांडुरंग के दिशा-निर्देशों पर शुक्रवार देर रात से शनिवार अलसुबह तक चेकिंग अभियान चला। इस दौरान अवैध रूप से भवन निर्माण सामग्री ले जाते 6 वाहन पकड़े गए। अभियान के दौरान टीम ने कुल 432 वाहनों की जांच की जबकि विभिन्न खनन स्थलों का दौरा किया।
दीपक हुड्डा ने अब तक की गई कार्रवाई से अवगत करवाते हुए बताया कि कुछ क्रशर मालिकों व खनन ठेकेदारों की ओर से अनियमितताएं बरती जा रही हैं। इनकी विस्तृत लिखित रिपोर्ट महानिदेशक को दी जाएगी। आगामी नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।
- प्रतिदिन गुजरते हैं 5,000 डंपर
दादरी जिले में 9 खनन क्षेत्र हैं। इनसे प्रतिदिन 5,000 डंपर और ट्रॉले भवन निर्माण सामग्री लेकर चलते हैं। भवन निर्माण सामग्री विभिन्न जिलों समेत दूसरे प्रदेशों में पहुंचाई जाती है। दादरी जिले में ओवरलोडिंग की समस्या बरकरार है।
- कष्ट निवारण समिति की बैठक में उठा था मुद्दा
अवैध खनन का मामला करीब डेढ़ माह पहले आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी उठा था। उस दौरान भी विभाग की ओर से पक्ष रखते हुए अवैध खनन से इन्कार किया गया था। अब विभाग के महानिदेशक के आदेश देने के बाद पिछले तीन दिनों से टीमें काफी सक्रिय हैं। मुख्यालय से टीम के दादरी आकर जांच करने के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं।
- प्रतिदिन देनी होगी रिपोर्ट
अधिकारियों की मानें तो महानिदेशक की ओर से अब प्रतिदिन की गई कार्रवाई का ब्योरा मुख्यालय अपडेट कराने के निर्देश दिए गए हैं। इनका पालन करते हुए कार्रवाई रिपोर्ट भी मुख्यालय भेजी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।