सुशासन दिवस पर दादरी लघु सचिवालय में आयोजित हुआ जिलास्तरीय कार्यक्रम, बेहतर कार्यप्रणाली पर अधिकारियों को मिला सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। सुशासन दिवस पर दादरी लघु सचिवालय में जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन की अध्यक्षता उपायुक्त मुनीश शर्मा ने की जबकि बतौर मुख्य अतिथि सांसद धर्मबीर सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में सराहनीय सेवाएं प्रदान करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने अटल जी की सुशासन की परिकल्पना को सही मायने में चरितार्थ करने का काम किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। सरकार और प्रशासन दोनों मिलकर जनता को सुशासन देते हैं। यह हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से प्रदेशवासियों को सुशासन का संदेश दिया।
सांसद ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और महामना मदन मोहन मालवीय की नीतियों को चरितार्थ करते हुए सरकार ने बड़े विभागों में कर्मचारियों की ऑनलाइन ट्रांसफर नीति लागू कर देश के सामने सुशासन व्यवस्था का एक बड़ा उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सरकार ने अधिकतर सेवाओं व योजनाओं को ऑनलाइन करके लोगों को दफ्तर की भाग-दौड़ और दस्तावेज के झंझट से निजात दिलाई है।
- इन्हें किया गया सम्मानित
सांसद ने सुशासन दिवस पर बेहतर कार्यप्रणाली के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से डीपीआरओ संदीप कुमार और एआईपीआरओ सुखवीर फोगाट, राजस्व विभाग से डीआरओ और महिला एवं बाल विकास विभाग से पीओ गीता सहारण को सम्मानित किया।
- ये भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला परिषद के चेयरमैन मनदीप डालावास, नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष डाॅ. किरण कलकल, पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा, सुधीर चांदवास, रवि गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो 17
सुशासन दिवस पर लघु सचिवालय में डीपीआरओ संदीप कुमार को सम्मानित करते सांसद धर्मबीर सिंह व साथ में मौजूद उपायुक्त मुनीश शर्मा। स्रोत : जनसंपर्क विभाग